प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन की गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए संसद भवन में दोनों राज्यों के सांसदों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में पीएम मोदी ने आपदा से उत्पन्न चुनौतियों और राहत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार संकट की इस घड़ी में राज्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित इलाकों में राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों के लिए केंद्र सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
बैठक के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड के सांसदों के साथ बैठक की। हमने वहां बाढ़ के बाद बनी स्थिति पर बातचीत की। केंद्र सरकार चुनौतियों से निपटने के लिए संबंधित राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम करती रहेगी। सभी की भलाई और सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।”
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण दोनों पूर्वोत्तर राज्यों में सड़कें बह गई हैं, बस्तियों में पानी भर गया है और कृषि को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रधानमंत्री की इस त्वरित पहल को केंद्र की संवेदनशीलता और तेजी से राहत पहुंचाने के संकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
