कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारत ने जीते 1 स्वर्ण और 2 रजत पदक, पदक तालिका में 8वें स्थान पर पहुंचा

ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सातवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के खाते में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जोड़े। इन उपलब्धियों के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 15 हो गई है, जिसमें 3 स्वर्ण, 9 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। बेहतर प्रदर्शन के दम पर भारत ने पदक तालिका में एक स्थान की छलांग लगाते हुए नौवें से आठवें स्थान पर जगह बना ली है।

पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में भारत के स्टार एथलीट मुरली श्रीशंकर ने 8.09 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 के अपने शानदार प्रदर्शन को दोहराते हुए एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया।

पैरा एथलेटिक्स की पुरुषों की 100 मीटर टी-47 स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। दिलीप महादु गावित ने 10.71 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में मोहम्मद बासिल ने 10.83 सेकंड का समय दर्ज कर रजत पदक अपने नाम किया, जिससे भारत को एक ही मुकाबले में दो पदक मिले।

पदक तालिका की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया 47 स्वर्ण सहित कुल 103 पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। कनाडा 14 स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड 12 स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है। मेजबान स्कॉटलैंड नौ स्वर्ण पदकों के साथ चौथे स्थान पर है। नाइजीरिया, दक्षिण अफ्रीका और मलेशिया क्रमशः पांचवें, छठे और सातवें स्थान पर बने हुए हैं।

भारतीय खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन से उम्मीद की जा रही है कि आगामी मुकाबलों में भी देश के पदकों की संख्या में और इजाफा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *