राष्ट्रमंडल खेलों में रिशिकांत सिंह चानंबम ने जीता रजत पदक, भारत को मिली दूसरी सफलता

ग्लासगो में जारी राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत के भारोत्तोलक रिशिकांत सिंह चानंबम ने पुरुषों के 60 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 121 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। हालांकि बाद में मलेशिया के मोहम्मद अनिक कासदान ने इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

रिशिकांत ने क्लीन एंड जर्क में 143 किलोग्राम वजन उठाया और कुल 264 किलोग्राम भार के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक हासिल किया। मलेशिया के मोहम्मद अनिक कासदान ने कुल 273 किलोग्राम भार उठाकर नया राष्ट्रमंडल खेल रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीता। वहीं केन्या के जोशुआ अमुंगा मबोया ने 260 किलोग्राम कुल भार के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

रिशिकांत का यह पदक राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत का दूसरा पदक है और सामान्य वर्ग की स्पर्धाओं में पहला पदक भी है। इससे पहले पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पुरुषों की हैवीवेट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत का खाता खोला था।

रिशिकांत सिंह की इस उपलब्धि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें बधाई दी। सोशल मीडिया पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि रिशिकांत ने अपनी शानदार जीत से पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *